भिलंगना, प्रतापनगर, जौनपुर, थौलधार, चंबा, जाखणीधार विकास खंड के लोगों के लिए राहतभरी खबर है। समाज कल्याण विभाग की पेंशन संबंधी प्रकरण के लिए क्षेत्र के लोगों को अब 75 किमी दूर नरेंद्रनगर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पेंशन संबंधी समस्याओं का निराकरण अब जिला मुख्यालय नई टिहरी में ही होगा। इसके लिए समाज कल्याण विभाग ने नई टिहरी में कैंप कार्यालय खोल दिया है। पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय में हेल्प लाइन सेवा शुरू की गई है। समय पर पेंशन नहीं मिलने पर लोग टोल फ्री नंबर 18001804126 पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
समाज कल्याण विभाग का कार्यालय जिला मुख्यालय से 75 किमी दूर नरेंद्रनगर होने के चलते लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ती थी। पेंशन का आवेदन जमा करने और पेंशन समय पर नहीं मिलने की जानकारी के लिए भी लोगों को नरेंद्रनगर के चक्कर काटने पड़ते थे। पिछले कई वर्षों से लोग समाज कल्याण का कार्यालय जिला मुख्यालय में करने की मांग कर रहे थे। लोगों की समस्याओं को देखते हुए डीएम ज्योति नीरज खैरवाल ने समाज कल्याण विभाग का कैंप कार्यालय जिला मुख्यालय में विधिवत शुरू करवा दिया है। उक्त छह ब्लॉक के लोगों को किसान, विकलांग और वृद्धावस्था पेंशन अब कैंप कार्यालय नई टिहरी के माध्यम से उनके बैंक खातों में मिलेगी। पेंशन के मामले में किसी भी तरह की समस्या आने पर लोग सीधे टोल फ्री नंबर 18001804126 पर शिकायत कर सकते हैं। कार्यालय के कैंप प्रभारी जीतमणी भट्ट ने बताया कि टोल फ्री नंबर पर जो भी शिकायत प्राप्त हो रही, उनका त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।