टिहरी जिले में दूरसंचार सेवा मुसीबत का सबब बन गई है। पिछले एक सप्ताह से दूरसंचार सेवा बार-बार बाधित हो रही है। नेटवर्क गायब होने सेे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दो दिन से ब्राडबैंड सेवा पूरी तरह से ठप है।
नई टिहरी जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में दूर संचार सेवा सुविधा कम मुसीबत अधिक बन गई है। कनेक्टिविटी अक्सर गायब होने के कारण लोग आपस में एक दूसरे से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। दूरसंचार सेवा बैंक, पोस्ट ऑफिस और कोषागार के कार्यों में आड़े आ रही है। नेटवर्क गायब होने के कारण बैंक, पोस्ट आफिस में लेनदेन के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कॉमन सर्विस सेंटर, जनाधार केंद्रों में नेट कनेक्टिविटी न होने से आवश्यक प्रमाणपत्र भी समय पर नहीं बन पा रहे हैं। सीएससी संचालक महिपाल सिंह सजवाण ने बताया कि बीते एक सप्ताह से कमजोर नेटवर्क के कारण प्रमाणपत्र ऑनलाइन नहीं बन पा रहे हैं। कोषाधिकारी कार्यालय के लेखाकार सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि बीते एक सप्ताह से सर्वर न चलने के कारण बिलों का भुगतान अटका हुआ है। इस बाबत बीएसएनएल के सहायक महाप्रबंधक बीएस नेगी ने बताया कि धनोल्टी क्षेत्र में बर्फबारी के कारण ओएफसी लाइन जगह-जगह टूट गई है, जिससे तीन-चार दिनों से नेटवर्क बाधित हो रहा है। वैकल्पिक व्यवस्था श्रीनगर रूट से बनाई गई थी। लेकिन अंजनीसैंण में भी ओएफसी लाइन कट गई थी, जिस पर मरम्मत कार्य चल रहा है।