डीएम डा. वी षणमुगम की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में 29 शिकायतें दर्ज हुई। दोगी पट्टी के बांसकाटल गांव में पांच लाख 36 हजार से हुए चेकडैम निर्माण में अनियमितताओं की डीएम ने डीडीओ को जांच कर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के वेतन से वसूली करने के निर्देश दिए। भिलंगना ब्लाक के जसपुर के ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज की कि कुछ शरारती तत्व गांव की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त कर रहे हैं, जिससे अनुसूचित जाति बस्ती को पानी नहीं मिल पा रहा है। डीएम ने कहा कि जल निगम/जल संस्थान जांच करेगा। दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य आनंद प्रसाद व्यास ने बालगंगा क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त नहरों और फीडर गूलों के मरम्मत करने की मांग की। सिंचाई विभाग के ईई अतुल पाठक ने बताया कि अब क्षेत्र की अधिकांश सिंचाई नहरों की मरम्मत हेतु धनराशि प्राप्त हो चुकी है, जल्द ही टेंडर कर निर्माण शुरू किया जाएगा।
बूढ़ाकेदार ग्राम पंचायत कोट की प्रधान मीना देवी ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय कोट थाती में 133 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है, लेकिन सिर्फ दो शिक्षक होने से पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। डीएम ने डीईओ बेसिक को रोस्टर व्यवस्था पर शिक्षक तैनात करने को कहा। गुसाईं गांव के पूर्व प्रधान जोत सिंह ने गुसांई आमडी-किमखोला सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त खेतों का मुआवजा न मिलने की शिकायत दर्ज की। नरेंद्रनगर वन प्रभाग के डीएफओ धर्म सिंह मीणा ने प्रोजेक्ट के माध्यम से हेंवल नदी के संरक्षण करने को कार्ययोजना प्रस्तुत की। जन एकता पार्टी के उपाध्यक्ष गोविंद बिष्ट, प्रताप सिंह गुसाईं ने नरेंद्रनगर से जिलास्तरीय कार्यालय नई टिहरी शिफ्ट करने का आदेश जारी करने पर डीएम को आभार जताया।