चांठी-डोबरा पुल का निर्माण आखिरकार पांच साल बाद फिर से शुरू हो गया है। पुल की फाइनल डिजायन नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य ठप पड़ा था। अब सरकार ने पुल का डिजायन से लेकर डेढ़ सौ करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
वसंत पंचमी के मौके पर जनप्रतिनिधियों, लोनिवि और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने पूजा-अर्चना कर पुल का अधूरा निर्माण कार्य समय पर पूरा होने की कामना की।
वसंत पंचमी के मौके पर डोबरा में प्रतापनगर के विधायक विक्रम सिंह नेगी ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रतापनगर के लोगों की लाइफ लाइन माने जा रहे पुल का निर्माण 18 माह के अंदर पूरा होगा। कहा कि अधूरा कार्य पूरा करवाने के लिए सरकार ने डेढ़ सौ करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं।
डिजायन से लेकर अन्य अड़चनों को भी दूर कर दिया है। लोनिवि के मुख्य अभियंता श्रीवास्तव ने कहा के निर्माण कार्य को लेकर अधिकारियों को नियमित सुपरविजन करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस मौके पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता केएस असवाल, कार्यदायी संस्था पीएंडआर के प्रबंध निदेशक पंवलजीत, कांग्रेस के प्रदेश सचिव नरेंद्र राणा, कुलदीप पंवार, लक्ष्मी भट्ट, यशवंत बिष्ट, खुशी लाल, राजेंद्र बोरा, उदय रावत, अनिल मटियाल, भरत बुटोला, सत्ये सिंह राणा, मोहन सिंह पंवार, उत्तम रावत, लोकेंदर राणा, लखवीर चौहान आदि मौजूद थे।