नई टिहरी। राजकीय इंटर कॉलेज खंडकरी में पढ़ने वाले छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए राहतभरी खबर है। संंसाधनों की कमी से जूझ रहे विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष, बरामदा निर्माण और क्षतिग्रस्त टिनशेड के छत की मरम्मत के लिए सरकार ने हरी झंडी दे दी है। 17 लाख की लागत से अतिरिक्त कक्ष, बरामदा और क्षतिग्रस्त छत का मरम्मत कार्य किया जाएगा।
इंटर कॉलेज खंडकरी में लंबे समय से संसाधनों का अभाव बना था, जिससे भवन पर 6 से 8वीं तक की कक्षाएं संचालित होती है। वहां टिनशेड बना है। उसकी छत जर्जर बनी है। बारिश होते ही पानी कक्षों में टपकने लगता है। वर्ष 2014-15 में वहां पर हाईस्कूल का उच्चीकरण किया गया, लेकिन भवन निर्माण नहीं होने के चलते इंटर कॉलेज छोटे-छोटे कक्ष में ही संचालित होते हैं।
छात्रों की समस्याओं को देखते हुए अभिभावक लंबे समय से अतिरिक्त कक्ष और टिनशेड भवन मरम्मत की मांग कर रहे थे। सरकार की ओर से इंटर कॉलेज खंडकरी में एक अतिरिक्त कक्ष और बरामदा निर्माण के लिए आठ लाख व टिनशेड भवन के छत मरम्मत कार्य के लिए 9 लाख की धनराशि जारी कर दी है।
कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग के जेई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि टेंडर की प्रकिया पूरी कर जल्द ही स्कूल में कार्य किया जाएगा। प्रधानाचार्य मो. तस्लीम का कहना है कि स्कूल में अतिरिक्त कक्ष, बरामदा निर्माण और छत की मरम्मत होने से छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।