नई टिहरी। टिहरी बांध विस्थापितों और प्रभावितों के पुनर्वास से जुड़े लंबित 90 मामलों के निस्तारण के लिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई। विधायक किशोर उपाध्याय और डीएम/पुनर्वास निदेशक नितिका खंडेलवाल ने मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पत्रावलियों पर आवश्यक रिपोर्ट लगाकर प्रकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में केमसारी टिनशेड, कठियाल और डिबनू गांव समेत पुनर्वास से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा हुई।
जिला सभागार में हुई बैठक में केमसारी टिनशेड के पात्र परिवारों के चिह्नीकरण व उनकी समस्याओं का मामला प्रमुखता से उठा। विधायक किशोर उपाध्याय ने पुनर्वास निदेशालय को पात्र परिवारों का चिह्नीकरण कर समस्याओं का परीक्षण करने और नियमों के तहत टिनशेड आवंटन की कार्रवाई करने को कहा।
टैक्सी यूनियन अध्यक्ष टीकम सिंह चौहान ने क्षेत्र में अब तक टैक्सी स्टैंड का निर्माण नहीं होने का मामला उठाया। बैठक में टीएचडीसी के सीजीएम आरआर सेमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, टीएचडीसी के जीएम विजय सहगल, डीजीएम राकेश थपलियाल, ईई पुनर्वास शक्ति चमोली, सभासद विजय कठैत, दिनेश डोभाल, शीशराम थपलियाल आदि मौजूद रहे।