नई टिहरी। टिहरी झील किनारे बड़कोट पीपलडाली में नया बोटिंग प्वाइंट अब मार्च से शुरू होगा। क्षेत्र कोटीकाॅलोनी के बाद झील का दूसरा प्रमुख बोटिंग प्वाइंट बनेगा। बड़कोट में बोटिंग प्वाइंट बनकर तैयार है। टिहरी विशेष क्षेत्र पर्यटन विकास प्राधिकरण (टाडा ) ने पिछले महीने वहां से 10 बोटों के संचालन के लिए लाइसेंस भी जारी कर दिया है। अब केवल जेटी लगाने का काम बाकी है, जिसे कुछ दिनों में शुरू किया जाएगा।
42 वर्ग किमी क्षेत्र में फैली टिहरी बांध की खूबसूरत झील के किनारे पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बड़कोट पीपलडाली में एक नया बोटिंग प्वाइंट बनाया गया है। पर्यटकों को झील में बोटिंग करने की सुविधा अब तक सिर्फ कोटीकॉलोनी से ही मिल पाती थी। अब बड़कोट पीपलडाली में नया बोटिंग प्वाइंट शुरू होने से न केवल झील क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
नया बोटिंग प्वाइंट की सुविधा से स्थानीय निवासियों को स्वरोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद की जा रही। बड़कोट पीपलडाली में बोटिंग सुविधा शुरू होने से वहां पर्यटकों की चहल कदमी बढ़ेगी। जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा का कहना है कि बड़कोट पीपलडाली बोटिंग प्वाइंट पर बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने का काम चल रहा है, जिससे वहां आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जेटी लगाने का टेंडर हो चुका है। मार्च से इसकी शुरुआत होते ही पीपलडाली क्षेत्र पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा।