नई टिहरी। नेहरू युवा केंद्र की पहल पर बृहस्पतिवार को यहां युवा सम्मेलन किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका विषय पर विचार गोष्ठी की गई। एकल गायन में प्रियंका पंवार तथा लोकनृत्य में जौनपुर कला मंच प्रथम रहा।
मिलन केंद्र बौराड़ी में आयोजित युवा सम्मेलन का शुभारंभ पर मुख्य अतिथि विधायक दिनेश धनै ने कहा युवा ही इस देश की सबसे बड़ी शक्ति है। किसी भी कार्य में आगे बढ़ने के लिए युवाओं को गलत तथ्यों को प्रयोग में नहीं लेना चाहिए। शार्टकट तरीके से सफलता अर्जित करने के बाद व्यक्ति के मन में हताशा और निराशा की भावनाएं स्वयं ही पैदा होती है। अध्यक्षता करते युवक कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि देश की दशा और दिशा बदलने में युवा ही सक्षम है। एनवाईके समन्वयक प्रजापति नौटियाल ने केंद्र के उद्देश्य तथा कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
टीएचडीसी सेवा के सीनियर मैनेजर अमर दीप व केपी बड़ोनी ने कार्यक्रम में शिकरत करने वाले 6 युवा मंडल को 10-10 हजार की धनराशि देने की घोषणा की। संचालन दिवाकर पैन्यूली ने किया। इस मौके पर एकल गायन में प्रियंका पंवार प्रथम, मधु भारती द्वितीय व सरस्वती तृतीय रही। लोकनृत्य में जौनपुर कला मंच प्रथम, जय किसान इंटर कालेज रौड़धार द्वितीय व बालिका विद्या मंदिर ढुंगीधार तृतीय रही।