चंबा (टिहरी)। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के छठवें अंतर संकाय खेलकूद प्रतियोगिता में विज्ञान संकाय ओवर आल चैंपियन रहा। बालक वर्ग में महेश रमोला, बालिका में रुचि चौहान और कर्मचारी वर्ग में राजेंद्र कठैत प्रथम रहे।
बृहस्पतिवार को बादशाहीथौल परिसर के खेल मैदान में बालक वर्ग की भेला फेंक प्रतियोगिता में कैलाश कोठियाल प्रथम, अमित द्वितीय रहे। कर्मचारी वर्ग में राजेंद्र कठैत प्रथम और देवेंद्र द्वितीय रहे। बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में राहुल भट्ट प्रथम, ईफ्टी थार द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में रुचि चौहान पहले और कविता सेमवाल दूसरे स्थान पर रही। शिक्षक वर्ग 100 दौड़ में डा.डीएस राणा प्रथम और डा.सुमन गुसाईं द्वितीय रहे। बालक वर्ग 1500 मीटर दौड़ में महेश रमोला और बालिका वर्ग में रुचि चौहान अव्वल रही। 4 गुणा 100 मीटर की रिले रेस में विज्ञान संकाय प्रथम और कला संकाय द्वितीय रहा।
वॉलीबाल बालक वर्ग में विज्ञान संकाय एवं शिक्षा संकाय क्रमश: प्रथम एवं द्वितीय रहे। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर परिसर के निदेशक प्रो.डीएस कैंतुरा ने विजेता व उप विजेता खिलाडियों को पुरस्कृत किया। कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ जीवन में खेल भी अनिवार्य है। क्रीड़ा के विभगाध्यक्ष डा.आरबी गोदियाल ने बताया कि विजेता प्रतिभाग 24 नवंबर से श्रीनगर में होने वाली अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर पाएंगे। इस मौके पर डा.केडीएस नेगी, डा.डीएस राणा, डा.सुमन गुसाईं, हंसराज बिष्ट, प्रो.एनके अग्रवाल, डा.अरुण पंत, डा.बीना जोशी, प्रो.सुनीता गोदियाल, मेहरबान सिंह कैंतुरा, मनोज नेगी, यशपाल रावत आदि उपस्थित थे।