कंडीसौड़ (टिहरी)। थौलधार ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कंडीसौड़ बाजार में पुलिस चौकी खोलने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने कहा कि 12 राजस्व पटवारी क्षेत्र का बाजार चारधाम यात्रा का मुख्य मार्ग भी है और आए दिन यहां कई आपराधिक घटनाएं होती रहती है। उन्होंने सीएम को ज्ञापन भेजकर इस प्रस्ताव पर शीघ्र ही सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
ब्लॉक मुख्यालय में विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और व्यापार संघ की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कंडी बाजार में लंबे समय से पुलिस चौकी खोलने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन इस पर कोई गौर नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि कंडीसौड़ चारधाम यात्रा का मुख्य पड़ाव होने के साथ ही क्षेत्र में अवैध शराबखोरी और चोरी की घटनाएं होती रही है। इस पर अंकुश लगाने के लिए कंडीसौड़ में पुलिस चौकी खोलना जरूरी हो गया है। बैठक में व्यापार सभा अध्यक्ष सुमेर सिंह पंवार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमन गुसाईं, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष लाखीराम उनियाल, प्रधान गंभीर सिंह गुसाईं, ललित खंडूड़ी, भागचंद रमोला, शैलेंद्र भट्ट, शिव सिंह गुसाईं और जोत सिंह चौहान आदि शामिल थे।