नई टिहरी/चंबा। चारधाम यात्रा को देखते हुए अब मिनी सरकारें भी विशेष स्वच्छता अभियान में जुट गई है। नई टिहरी और चंबा नगर पालिका ने रविवार से नगर क्षेत्र के बाजार और गल्ली मोहल्लों में विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया है।
ईओ राजेंद्र सजवाण ने बताया कि पहली टीम ने कलक्ट्रेट से डायजर-हनुमान चौक, दूसरी कलक्ट्रेट से विकास भवन-आईटीआई होते हुए र्साइं चौक, तीसरी कलक्ट्रेट से कान्वेंट स्कूल होते हुए हनुमान चौराहे और चौथी टीम ने बीपुरम से कोटी कालोनी तक सफाई अभियान चलाया। नालियों में पड़े प्लास्टिक को नष्ट किया गया, जबकि दीवारों पर जमी घास, झाड़ियां हटाई गई। पार्कों और शौचालयों की भी सफाई की गई। खुले में कूड़ा डालने वाले एक व्यक्ति का चालान कर 500 अर्थदंड वसूला गया। इस मौके पर तहसीलदार जसवीर रावत, सिनेट्री इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह नेगी, मनोज राणा, हरीश राज, राजेंद्र, सुशील, डब्बू आदि मौजूद रहे।
इधर, चंबा में भी पालिकाध्यक्ष सुमना रमोला और ईओ एसपी जोशी के नेतृत्व में वार्ड सभासदों व सफाई कर्मियों ने गबर सिंह चौराहे से कार्मल स्कूल तक सफाई अभियान चलाकर सड़क और नालियों में पसरी गंदगी को साफ किया। इस मौके पर सभासद विकास बहुगुणा, रघुवीर रावत, विजयलक्ष्मी, नरेंद्र रमोला, सुरम तोपवाल, दर्मियान सिंह सजवाण, सतवीर पुंडीर आदि मौजूद रहे।