घनयाली (टिहरी)। बालगंगा तहसील के इंटर कॉलेज लाटा में मंगलवार को एसडीएम पीआर चौहान की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में 16 शिकायतें दर्ज हुई। नहरों और सड़कों का मुद्दा छाया रहा। 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष 10 समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को 15 दिन का समय दिया गया है।
तहसील दिवस में निर्माणाधीन सड़कों का मुआवजा न मिलने और आपदा से क्षतिग्रस्त सिंचाई नहरों की मरम्मत न होने का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। कांगड़ा के मनेाज सिंह ने चमियाला-कांगड़ा मोटर मार्ग का आधा-अधूरा निर्माण होने की शिकायत दर्ज की। कहा सड़क के अभाव में क्षेत्र के लोगों को 10 किमी पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। शूरवीर सिंह ने बेलेश्वर-सिल्यारा नहर मरम्मत कार्य पूरा करने के बाद भी ठेकेदार को भुगतान न होने की शिकायत दर्ज की। कहा उक्त नहर से केमर,संराश गांव के खेतों तक सिंचाई के लिए पानी नहीं पहुंच पा रहा है। हिम्मत सिंह रौतेला व सतीश रतूड़ी ने कहा कि राशन कार्ड आन लाइन न होने तथा कार्ड में क्रमांक नंबर गलत दर्ज होने से अटल आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड नहीं बन पा रहे है। इस मौके पर तहसीलदार एमएल आर्य, भगत सिंह,राम सिंह व सुंदर सिंह आदि उपस्थित रहे।