घनसाली (टिहरी)। बिनकखाल में एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। शिकायत करने के बाद भी जल संस्थान समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। स्थिति यह है कि ग्रामीण एक किमी दूर हट गदेरे से पानी ढोने को मजबूर है।
बिनकखाल में सिरगड तोक योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है, लेकिन एक सप्ताह से बिनकखाल में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप पड़ी है। महिलाएं और बच्चे एक किमी दूर हट गदेरे से पानी ढोने को मजबूर हैं। मनोहर डिमरी, कुंवर सिंह, सुरेश सिंह, कुलदीप सिंह ने बताया कि पानी की आपूर्ति न होने की शिकायत उन्होंने जल संस्थान कार्यालय में दर्ज कराई, लेकिन एक सप्ताह बाद भी विभागीय कर्मचारी क्षेत्र में देखने तक नहीं पहुंचे। यदि जल्द पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा। जल संस्थान के ईई अभिषेक बर्मा का कहना है कि बिनकखाल क्षेत्र में बर्फबारी से पानी की लाइन चोक हो गई है। लाइन मरम्मत का कार्य चल रहा है।