नई टिहरी। विद्यालयी शिक्षा विभाग की ओर से बालिकाओं के सशक्तिकरण और प्रोत्साहन को लेकर आयोजित जिला स्तरीय बालिका पंचायत में विभिन्न ब्लॉक से आए छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुति दी। मांगल गीत में जौनपुर, वाद्य यंत्र वादन, भाषण में थौलधार, परंपरागत परिधान में चंबा, फोटोग्राफी में जौनपुर और साहित्य सृजन में देवप्रयाग ब्लॉक ने बाजी मारी।
सोमवार को डायट में आयोजित बालिका पंचायत का जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक एसएस बिष्ट ने शुभारंभ किया। बताया कि बालिका पंचायत का उद्देश्य छात्राओं को सांस्कृतिक, राजनैतिक, आर्थिक अधिकारों की जानकारी देकर प्रतिभाओं को निखारना है। विद्यालय शिक्षा विभाग ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिका पंचायत का नवाचारी प्रयास शुरू किया है। मांगल गीतों की प्रस्तुतियों पर दर्शक भाव विभोर हो उठे। चंबा, जाखणीधार, देवप्रयाग ने शादी-विवाह में गाए जाने वाले मांगल दैणा ह्वैया खोली का गणेश, देई देवा हल्दी का बाना की बेहतर प्रस्तुति दी। ढोल, दमाऊं में भैरव स्तुति, मंडाण, रांसौ, तांदी, भूमियाल जैसी विधाओं का प्रदर्शन किया गया। मांगल गीत में जौनपुर प्रथम, प्रतापनगर द्वितीय और थौलधार तृतीय रहा। वाद्ययंत्र में थौलधार पहले, चंबा दूसरे, जौनपुर तीसरे स्थान पर रहा। भाषण में थौलधार प्रथम, देवप्रयाग द्वितीय, चंबा तृतीय, परंपरागत परिधान में चंबा प्रथम, जौनपुर द्वितीय, प्रतापनगर तृतीय, फोटोग्राफी में जौनपुर पहले, देवप्रयाग दूसरे, नरेंद्रनगर तीसरे रहा। साहित्य सृजन में देवप्रयाग प्रथम, जौनपुर द्वितीय और चंबा तृतीय रहा। डा. विकास फोंदणी, महीपाल नेगी, निर्मल कुमार, सुमंत पंवार और प्रमोद पैन्यूली ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस मौके पर मीनाक्षी त्यागी, डा. वीर सिंह रावत, दीपक रतूड़ी, राजेंद्र बड़ोनी, कुलवीर भंडारी, सुबराल नेगी, सुमन नेगी, अंजना सजवाण, आशा नौटियाल, विनोद पेटवाल, नरेश कुमाईं, केवी पेटवाल आदि मौजूद थे।