घनसाली (टिहरी)। वर्षों से सड़क की बाट जोह रहे ग्रामीणों की मुराद शुक्रवार को पूरी हो गई। फलेंडा गांव में जब छोटी से लेकर बड़ी बस पहुंची, तो जयदीप रावत के विवाह का उत्साह दोगुना हो गया। सड़क पहुंचने की खुशी में गांव कर हर कोई बारात लाने पहुंची बस में बैठने को उत्सुक दिखा, जब बारात घैरका के लिए रवाना हुई तो सब खुशी से झूम उठे। गांव के लोग सड़क के लिए इतने उत्साहित थे कि किसी ने भी दो किमी सड़क बनाने को ली गई जमीन का मुआवजा नहीं लिया।
भिलंगना ब्लॉक का फलेंडा गांव कोटी-अखोड़ी मार्ग से दो किमी ऊपर बसा है, जहां करीब 900 की आबादी है। गांव के लोग लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने जिला पंचायत से संपर्क साधा। जिला पंचायत ने ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए गांव के लिए जुलाई 2018 में दो किमी सड़क बनाने की स्वीकृति प्रदान करते हुए अगस्त में निर्माण शुरू करवाया था। शुक्रवार को गांव तक सड़क पहुंचने पर जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण और घनसाली नगर पंचायत के अध्यक्ष शंकरपाल सजवाण ने मोटर मार्ग का उद्घाटन करते हुए वाहन से गांव पहुंचे। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि सड़क बनाने के लिए 17 लाख रुपये जिला पंचायत और 15 लाख रुपये जिला योजना से खर्च किए गए हैं। गांव तक सड़क पहुंचने के बाद शुक्रवार को जयदीप पुत्र राम सिंह रावत के बाराती गांव से ही वाहनों में बैठ कर दुल्हन लेने रवाना हुए। गांव के प्रधान कुंवर सिंह राणा ने बताया कि सड़क निर्माण में 43 परिवारों की जमीन गई है, उन्होंने कोई मुआवजा नहीं लिया है। गांव के कुंदन सिंह राणा, कमल सिंह सजवाण, ओमप्रकाश, रघुवीर सजवाण, प्रेम सिंह, जिला पंचायत राजेंद्र बिष्ट, नत्थी सिंह, गीता देवी और एकादशी देवी ने जिला पंचायत का आभार जताया है।