चंबा (टिहरी)। लंबे इंतजार के बाद श्रीदेव सुमन विवि ने बैक पेपर परीक्षा परिणाम घोषित करना शुरू कर दिया है। बीकॉम, एमकॉम, एमए, बीएससी के सभी परीक्षा परिणाम विवि ने घेाषित कर दिए हैं। बीए प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं को परीक्षा परिणाम जानने के लिए कुछ दिन और इंतजार करना होगा। 20 दिसंबर तक विवि प्रशासन ने सभी कॉलेजों में अंक तालिकाएं पहुंचाने का निर्णय लिया है।
श्रीदेव सुमन विवि के 10 हजार छात्र-छात्राओं को एक माह से बैक पेपर परीक्षा परिणाम घोषित होने का इंतजार था। बीते अक्तूबर माह में बैक पेपर परीक्षा संपन्न हो गई थी। विवि ने नवंबर प्रथम सप्ताह परीक्षा परिणाम घोषित करने का निर्णय लिया था, लेकिन लंबे इंतजार के बाद अब विवि को बैक पेपर परीक्षा परिणाम घोषित करने में कामयाबी मिल पाई है। विवि के प्रभारी परीक्षा नियंत्रक दिनेश चंद्रा ने बताया कि बीकॉम, एमकॉम, एमए, बीएससी के सभी कक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया गया है। बीए प्रथम और द्वितीय वर्ष का परिणाम एक सप्ताह के भीतर घोषित कर दिया जाएगा।