चंबा (टिहरी)। स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल के छात्र नेताओं ने गढ़वाल विवि की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएससी छठवें सेमेस्टर की परीक्षा और चतुर्थ सेमेस्टर की बैक पेपर परीक्षा के मूल्यांकन में लापरवाही बरती गई है, जिससे कई छात्र फेल हो गए। गुस्साए छात्र नेताओं ने कुलपति का पुतला फूंककर विरोध जताया है। इसके बाद छात्र नेताओं ने निदेशक कार्यालय का गेट बंद कर करीब तीन घंटे तक कार्यालय में ही धरने पर बैठे रहे।
बृहस्पतिवार को छात्र नेताओं ने परिसर गेट पर विवि के कुलपति का पुतला फूंका। उसके बाद छात्र नारेबाजी करते हुए परिसर निदेशक कार्यालय में पहुंचे और कार्यालय गेट को बंद कर निदेशक ऑफिस में ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि विवि प्रशासन ने बैक पेपर परीक्षा कापियां जांचने में लापरवाही बरती है। बीएससी छठवें सेमेस्टर की परीक्षा और चतुर्थ सेमेस्टर के बैक पेपर के मूल्यांकन में लापरवाही बरती गई है। छात्र नेता अक्षत बिजल्वाण ने कहा कि परीक्षा कापियों की रिचेकिंग की जानी चाहिए। ऐसा न होने तक एमएससी की काउंसिलिंग शुरू नहीं होने दी जाएगी। देर शाम तक छात्र परिसर निदेशक कार्यालय में धरने पर डटे थे। धरना देने वालों में रोबिन बिष्ट, अंकित सजवाण, शुभम रमोला, सुमित सजवाण, बृजेश खाती, सोनाली बिष्ट, अंजली रांगड़, गौरव बिष्ट, साक्षी नेगी, मनीष तोमर, मानवेंद्र बिष्ट आदि शामिल थे। इस बाबत परिसर के प्रभारी निदेशक प्रो. बीके अग्रवाल ने कहा कि छात्रों की सभी समस्याएं विवि स्तर की हैं। उनकी समस्याओं को निराकरण के लिए विवि को भेजा जा रहा है।