नैनबाग/श्रीनगर। यमुना नदी में नहाते समय एक छात्र नदी में बह गया। दो घंटे तक चले रेस्क्यू आपरेशन के बाद भी छात्र का पता नहीं चल पाया है। उधर, कीर्तिनगर में भी एक युवक अलकनंदा नदी में नहाते समय बह गया। युवक का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
लंढोर मसूरी निवासी रोहित (18) पुत्र नरेंद्र सिंह बिष्ट मंगलवार को दोस्तों के साथ मसूरी से यमुना पुल के समीप घूमने के लिए आया था। अपराह्न तीन बजे सभी दोस्त नहाने के लिए यमुना नदी में चले गए। नहाते वक्त रोहित नदी के तेज बहाव में बह गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रोहित 12वीं कक्षा का छात्र है। सूचना पर पहुंचे नैनबाग चौकी प्रभारी नीरज रावत ने बताया छात्र के परिजनों को घटना के संबंध में सूचना दे दी गई है। दो घंटे तक चले रेस्क्यू आपरेशन के बाद भी छात्र का पता नहीं चल पाया है।
उधर, मंगलवार को बागवान में अलकनंदा नदी में नहाते समय एक युवक बह गया। राजस्व उपनिरीक्षक गिरीश डोभाल ने बताया कि सुनील सिंह पुत्र चंदन सिंह तल्याकोट हिसरियाखाल अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए अपने दोस्त सोनू पुत्र जबर सिंह निवासी सी-5/9 दक्षिणपुरी, नई दिल्ली के साथ बाइक से गांव आ रहा था। करीब 11 बजे बागवान पहुंचने पर दोनों युवक अलकनंदा नदी में नहाने चले गए, जहां नहाते समय सुनील व सोनू नदी के तेज बहाव में बह गए। कुछ दूर तक बहने पर सुनील तो छिटक कर किनारे आ गया, लेकिन सोनू बह गया। एसडीएम नूपुर वर्मा ने बताया कि युवक के नदी में बहने की सूचना पर देवप्रयाग पुलिस को सूचित कर दिया गया है। पुलिस को युवक की तलाश के निर्देश दिए गए हैं। खबर लिखे जाने तक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया है।