नई टिहरी। जूनियर और माध्यमिक स्तर की छात्रवृत्तियों को भारत सरकार के पोर्टल पर पंजीकरण करने के लिए 30 जनवरी की तिथि नियत की गई है। छात्रवृत्तियों को ऑनलाइन करने के लिए समाज कल्याण विभाग की ओर से शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्यों को कार्यशाला के माध्यम से ट्रेनिंग दी गई।
बहुउद्देश्यीय हॉल में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ जिला समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदौरिया ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने जूनियर और माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न श्रेणी में छात्रवृत्तियां शुरू की हैं। कहा कि डिजिटल इंडिया के तहत पेंशन की भांति अब छात्रवृत्तियां भी सीधे ऑनलाइन करके खाते में जा रही हैं। विभाग की आईटी सेल देहरादून से आए मास्टर ट्रेनर कंप्यूटर प्रोग्रामर बलवीर सिंह ने प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रतिभागियों को ऑनलाइन पंजीकरण की विधियां बताई। कहा कि ध्यानपूर्वक प्रत्येक फील्ड को भरकर की फार्म तैयार करें तभी कंप्यूटर उसे एक्सेप्ट करेगा। कहा कि शिक्षा विभाग सभी स्कूलों के ऑपरेटरों को इसमें कार्य करवाए। कहा सभी स्कूल छात्रवृत्तियों को भारत सरकार के पोर्टल-एचटीटीपी://स्कॉलरशिप.जीओवी.इन पर 30 जनवरी तक पंजीकरण करवा दें। इस मौके पर पहुंचे सीईओ दिनेश चंद्र गौड़ ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों, प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि कार्यशाला में सिखाईं गई विधि के अनुसार पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें। इस मौके पर राकेश चंद्र नौटियाल, जीतमणी भट्ट, सीवीएस लिंगवाल, राजेश चौहान, दयाल सिंह, मणीराम व किशन चौहान सहित सभी ब्लॉक के बीईओ, प्रधानाचार्य व कंप्यूटर ऑपरेटर मौजूद थे।