चंबा (टिहरी)। टिहरी की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कमेटी की पहल पर यहां आयोजित बैठक में बांध प्रभावितों की समस्या मुख्य रूप से छाई रही। प्रभावित परिवारों का पुनर्वास न होने पर वक्ताओं ने चिंता जताई। जन समस्याओं के समाधान को संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया।
ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से चीनी गायब हो गई। गेहूं और चावल का कोटा घटा दिया गया है। रसोई गैस और सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। टिहरी बांध प्रभावितों के बिजली और पानी बिल माफ करने के लिए नागरिक मंच की ओर से किए जा रहे संघर्ष की सराहना की।
जिलाध्यक्ष सूरज राणा ने बांध प्रभावितों की समस्याओं का समाधान न होने पर चिंता जताई। कहा कि जन समस्याओं के समाधान को आम जनता से सीधे संवाद स्थापित कर कांग्रेस कार्यकर्ता संघर्ष तेज करेंगे। इस मौके पर नरेंद्र चंद रमोला, विक्रम पंवार, शांति प्रसाद भट्ट,सोबन सिंह नेगी, अरविंद मोहन सकलानी, दर्शनी रावत,संपत लाल शाह, देवेंद्र नौडियाल, मीना पुंडीर, राकेश राणा, हरी प्रसाद सकलानी व विनोद डबराल आदि उपस्थित रहे।