चंबा (टिहरी)। एनएसयूआई छात्र नेताओं ने स्वामी रामतीर्थ परिसर में बिना मान्यता प्राप्त बोर्ड के प्रवेश दिए जाने पर रोष जताया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि विवि ने इंटरमीडिएट बोर्ड की जांच किए बिना ही बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश दिया है। छात्र नेताओं ने कुलपति को ज्ञापन भेजकर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार से आंदोलन की चेतावनी दी है।
शनिवार को हुई बैठक में छात्रों ने एसआरटी परिसर में प्रवेश समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि समिति ने प्रवेशार्थियों की इंटरमीडिएट बोर्ड की पूरी जांच किए बिना ही प्रवेश दिया है। उन्होंने कहा कि विवि इंटरमीडिएट की काउंसिल आफ स्कूलिंग एजूकेशन बोर्ड की मान्यता को नहीं मानता है। ऐसे में परिसर में बोर्ड के छात्र को किस आधार पर प्रवेश दिया गया है। उन्होंने परिसर प्रशासन और विवि प्रशासन पर हीलाहवाली करने का आरोप लगाया। एनएसयूआई ने ऐसे बोर्ड के प्रवेशार्थियों का प्रवेश निरस्त करने की मांग की है। बैठक में एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष सौरभ तडिय़ाल, संदीप नेगी, प्रदीप सकलानी, अनिल रमोला, विकास भट्ट और हरिओम भट्ट आदि शामिल थे।