नैनबाग (टिहरी)। स्कूली छात्र-छात्राओं की मार्चपास्ट और विभिन्न सांस्कृतिक झांकियों के साथ सोमवार से कैंपटी में तीन दिवसीय खेल और सांस्कृतिक समारोह शुरू हो गया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। डांडिया नृत्य सबसे आकर्षण का केंद्र रहा।
पर्यटक अगलाड़ घाटी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समिति कैंपटी की पहल पर सोमवार से तीन दिवसीय खेल और सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने रिबन काटकर किया। जीआईसी कैंपटी शिशु मंदिर, द हिमालयन इंटरनेशनल स्कूल कैंपटी, गढ़वाल इंग्लिश मीडियम स्कूल, श्री गुरुराम राय के छात्र-छात्राओं ने मार्चपास्ट किया। इससे पूर्व क्षेत्र के लोगों और समिति के पदाधिकारियों ने ढोल-दमाऊं से मुख्य अतिथि विधायक पंवार का स्वागत किया। विधायक पंवार ने ऐसे आयोजनों से नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। जूनियर बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में एलजी स्पोर्ट्स क्लब लगवाल गांव की टीम ने सिंघम क्लब को 17-25 से हराकर विजयी रही।
इस मौके पर समिति अध्यक्ष राजेंद्र सिंह पंवार, सचिव बिजेंद्र पंवार, कमल सिंह रावत, सिकेंद्र सिंह राणा, सुरेंद्र पंवार, मुकेश पंवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य मिथिला पंवार, आरपी सिंह, प्रधान विनीत पंवार, मीरा रमोला, वीरेंद्र पंवार, भरत सिंह पंवार, शूरवीर पंवार, किशन सिंह पंवार, डा. सुनीता राणा, लॉरी चौहान, संसार सिंह राणा, आनंद तोमर, कुंवर सिंह चौहान, राजेंद्र प्रसाद नौटियाल आदि उपस्थित रहे। बाद में पत्रकार वार्ता में विधायक ने कहा कि धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कई बार मुख्यमंत्री से मिल चुका हूं, लेकिन अभी तक समस्या हल नहीं हुई है।