नई टिहरी। डीएम ने चंबा ब्लॉक के डारगी गांव में 30 वर्गमीटर क्षेत्र में धान की कटाई कर फसल की पैदावार का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत ऑन लाइन एप के माध्यम से फसल बीमा का डाटा तैयार किया जा रहा है। साथ ही पैदावार की रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण भी किया।
शनिवार को डीएम सोनिका सड़क से डेढ़ किमी पैदल चलकर डारगी गांव पहुंची। जहां उन्होंने बिशंबर दत्त भट्ट और कुंवर सिंह नेगी के खेत में धान की फसल काट रहे लोगों से फसल की जानकारी हासिल की। इस दौरान ग्रामीणों ने डीएम को जंगली जानवरों की समस्या से अवगत कराते हुए कहा कि किसानों की कड़ी मेहनत कर उगाई फसल को जंगली जानवर चौपट कर रहे हैं। डीएम ने प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण किया जहां कुल चार छात्र ही पंजीकृत हैं। इस मौके पर प्रधान सूरत सिंह, शशिभूषण उनियाल, विरेंद्र भट्ट, सहायक सांख्यकी अधिकारी विपिन रतूड़ी, सूरदास गढौही, राजस्व उप निरीक्षक, हर्षमणि भट्ट, कविता नेगी, पुष्पा नेगी आदि मौजूद थे।