चंबा (टिहरी)। स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल में शिक्षकों की बायोमीट्रिक प्रणाली से उपस्थिति दर्ज कराना गढ़वाल विवि प्रशासन के लिए टेढ़ी खीर बन गया है। शिक्षकों ने तीनों परिसरों में समान व्यवस्था का हवाला देते हुए बायोमीट्रिक प्रणाली का बहिष्कार कर दिया है।
एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में शिक्षकों की हाजिरी काम चलाऊ व्यवस्था के तहत चल रही है। परिसर में अभी तक शिक्षक रजिस्टर में अपनी उपस्थिति लगाते हैं, जिसे महीना पूरा होने के बाद विवि को भेज दिया जाता है। ऐेसे में शिक्षकों की उपस्थिति में पारदर्शिता लाने के लिए छात्र वर्षों से परिसर में बायोमीट्रिक मशीन लगाने के लिए आंदोलनरत हैं। इस पर विवि प्रशासन ने जुलाई में बायोमीट्रिक लगाई। मगर अब एक अगस्त से परिसर प्रशासन ने बायोमीट्रिक से हाजिरी सुनिश्चित करने की तैयारी शुरू की, तो शिक्षक इसके विरोध में आ गए हैं। शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. एए बौड़ाई का कहना है कि सभी शिक्षकों ने बैठक कर निर्णय लिया है कि विवि के तीनों परिसर बिड़ला श्रीनगर, पौड़ी और बादशाहीथौल में एक जैसी व्यवस्था होनी चाहिए। जब तक श्रीनगर बिड़ला और पौड़ी परिसर में शिक्षकों के बायोमीट्रिक से उपस्थिति लगाने की व्यवस्था शुरू नहीं हो जाती है, तब तक एसआरटी परिसर के शिक्षक रजिस्ट्रर पर ही हाजिरी लगाएंगे। वहीं छात्र नेता धीरज कौशल, रविंद्र सिंह रावत, आदर्श भट्ट ने परिसर में बायोमीट्रिक प्रणाली शुरू करने की मांग की है।
कोट
अधिकांश शिक्षक बायोमीट्रिक से उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं। शिक्षकों ने तीनों परिसरों में समान व्यवस्था के आधार पर परिसर में बायोमीट्रिक लगाने को कहा है। इसकी जानकारी विवि को दे दी गई है।
-प्रो. आरसी रमोला, निदेशक एसआरटी परिसर बादशाहीथौल