संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। सामाजिक संस्था नव ज्योति जन कल्याण समिति ने थौलधार ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले 10 स्थानीय लोगों को सम्मानित किया। कहा, उन्होंने कठिन परिस्थितियों में अपने संघर्ष से मुकाम हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
कमांद में समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रभा बिष्ट समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड व नेरी गांव के निवासी मस्तू दास, सांकरी के युवा प्रदीप लेखवार, भैंसकोटी निवासी कुलदीप बिष्ट, ग्राम सौड़ उप्पू की डॉ. रंजीता जुयाल, सामाजिक कार्यकर्ता परशुराम डोभाल, कमांद के शिक्षक विजय शंकर, मोहम्मद अंसारी, कैंच्छू निवासी क्षेत्रीय दिल्ली समिति के अध्यक्ष गंभीर सिंह सिनवाल, सुभाष इंटर कॉलेज थौलधार के पूर्व प्रधानाचार्य परिपूर्णानंद सकलानी आदि को शॉल, प्रशस्ति पत्र देकर स्मृति चिह्न भेंट किया।
सम्मानित हुए लोगों ने अपने संघर्ष के दिनों को साझा किया। इस मौके पर समिति सचिव राजेंद्र सिंह रांगड़, निर्मल सिंह राणा जी, विनेश दास, सुनील सकलानी, अमर सिंह, विजय महर, प्रधान नेरी मालती भंडारी, मोहन लाल डोभाल आदि मौजूद थे।