होल्यारों के बीच भी विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) के चेहरे पर रंगों की रंगत फीकी दिखाई दी। स्पीकर भले ही खुद को रंगों में सराबोर दिखाने की कोशिश करते रहे, लेकिन उनके चेहरे के हावभाव सियासी संकट और घमासान की तरफ इशारा करते नजर आए। राज्य में मौजूदा राजनीतिक अस्थिरता की चिंता उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी।
मौका था स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल के यमुना कालोनी स्थित आवास पर होली मिलन कार्यक्रम का। हर साल की तरह इस बार भी होली की पूर्व संध्या पर कुंजवाल ने अपने आवास पर होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। स्पीकर और होल्यारों ने एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाया।
स्पीकर भी झूमे
होली मिलन कार्यक्रम में कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कुमाऊंनी होली के तमाम रंगों से रूबरू कराया। बीच-बीच में स्पीकर भी होल्यारों संग झूमते नजर आए, लेकिन 28 मार्च का खौफ उनके चेहरे पर तारी रहा। होली मिलन कार्यक्रम के बीच ही स्पीकर ने राज्यपाल केके पाल द्वारा बुधवार को उन्हें भेजे पत्र पर पत्रकारों के समक्ष अपनी राय स्पष्ट की।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने कुछ विधायकों द्वारा दिए गए ज्ञापन को उनके पास भेजा है। संवैधानिक नियम और कानून के तहत ही विधानसभा सत्र चलेगा। कुंजवाल ने यह भी जोड़ा कि ‘आज होली का त्योहार है। इस मौके पर हमें राज्य की शांति और खुशहाली के लिए कामना करनी चाहिए।’
...रथ लेकर हरि ठाड़े हैं
विधानसभा अध्यक्ष के आवास पर आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में होल्यारों ने खूब रंग बिखेरे। विधानसभा अध्यक्ष ने होली की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम और सौहार्द से मनाने की अपील की। पर्वतीय महासभा सांस्कृतिक मंच और रंगमंच देहरादून के कलाकारों ने होली से जुड़े गीतों की बेहतरीन प्रस्तुति दी।
रंगमंच संस्था देहरादून के कलाकारों ने ‘खेले दिगंबर फाग होली के दिन में चल चंद्रमा की ओर विकल मन रथ लेकर हरि ठाड़े हैं’ की प्रस्तुति से लोगों का ध्यान खूब आकर्षित किया। इस अवसर पर पिथौरागढ़ नगर पालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती, मोहनी कुंजवाल, स्वाति, प्रदीप कुंजवाल, दीवान सिंह बिष्ट, आनंद सिंह रौतेला आदि शामिल रहे।