उत्तराखंड के रुड़की में आईआरबी का एक सिपाही आईटी एक्ट के फंदे में आ गया है। उसके खिलाफ फर्जी फेसबुक एकाउंट से एक युवती को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आईआरबी का सिपाही इस समय हरिद्वार में तैनात है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि सुभाष नगर निवासी एक युवती का फेसबुक पर एकाउंट है। आईआरबी सेकेंड बटालियन हरिद्वार के एक सिपाही ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर सुभाष नगर की युवती से संपर्क साधा।
कुछ दिन बाद वह युवती को अश्लील मैसेज भेजने लगा। युवती ने विरोध जताया। लेकिन उसने मैसेज भेजना जारी रखा। परेशान युवती ने परिजनों को इस बारे में बताया। परिजनों ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि मैसेज भेजने वाला आईआरबी का सिपाही है और उसकी तैनाती हरिद्वार में है। इसके बाद पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।