अस्पताल खोलने की मांग को लेकर त्रियुगीनारायण के ग्रामीणों का आंदोलन 33वें दिन भी जारी रहा। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर धरनास्थल पर ही राष्ट्रध्वज फहराने समेत क्रमिक अनशन का निर्णय लिया है।
शनिवार को ग्राम प्रधान व महिला मंगल दल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नारेबाजी कर धरना दिया। आंदोलन के एक माह बाद भी प्रदेश सरकार की आंखें नहीं खुल पाई हैं। ऐसे में जनहितों का दावा करने वाले जनप्रतिनिधियों व सरकार की हकीकत समझी जा सकती है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर अनशन स्थल पर ही राष्ट्रध्वज फहराने का निर्णय लिया। उधर, केदारघाटी के शेरसी व मैखंडा में भी ऑलवेदर रोड परियोजना में रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर घटिया निर्माण कार्य की जांच को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। वहीं, जखोली ब्लॉक के पाडुली गांव में मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर भरदार के सेमा, बिराणगांव समेत अन्य गांवों के ग्रामीणों का अनशन तीसरे दिन भी रहा। उन्होंने मांगपूर्ति तक आंदोलनरत रहने का निर्णय लेते हुए लोनिवि व वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की।