बधाणी-छेनागाड़ मोटर मार्ग निर्माण व बधाणी-बरसिर मार्ग पर हॉटमिक्स की मांग को लेकर बांगर व पूर्वी बांगर के ग्रामीणों का नौ दिनों से चला आ रहा आंदोलन विधायक भरत सिंह चौधरी, वन विभाग के अधिकारियों के आश्वासन के बाद खत्म हो गया है। विधायक व एसडीएम ने जूस पिलाकर चिरंजीवी प्रसाद सेमवाल व कमल सिंह मेंगवाल का अनशन खत्म कराया।
भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, विधायक भरत सिंह चौधरी, एसडीएम परमानंद राम, रुद्रप्रयाग वन प्रभाग के डीएफओ वैभव कुमार सिंह सहित लोनिवि के अधिकारी गैंठाणा गांव स्थित अनशन स्थल पर पहुंचे। विधायक चौधरी ने कहा कि बधाणी-छेनागाड़ मोटर मार्ग निर्माण की जिला स्तरीय कागजी कार्रवाई एक सप्ताह में पूरी कर दी जाएगी। वहीं, डीएफओ ने कहा कि मांग से संबंधित पत्रावलियों को एक सप्ताह में नोडल कार्यालय को भेज दिया जाएगा। इस मौके पर प्रधान संजय सेमवाल, शूरवीर सिंह, भगवान सिंह, मेंगवाल, बेंदीलाल, छोटा सिंह, क्षेपं सदस्य मुकेश शाह, महावीर पंवार, वाचस्पति सेमवाल आदि मौजूद थे।