ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एकलौते बेटे की मौत से गुस्साए सिंद्रवाणी गांव निवासी पिता ने दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने डीएम व एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
तल्लानागपुर के सिंद्रवाणी गांव निवासी दर्शन सिंह राणा ने बताया कि बीते 20 अप्रैल को उनका 19 वर्षीय एकलौता बेटा गगन राणा नगरासू आया हुआ था। रात करीब 8 बजे वह अपने दोस्त पंकज जोशी के साथ बदरीनाथ हाईवे के किनारे टहल रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसमें वह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर कार चालक मौके से भाग गया, जिसे कमेड़ा के पास पकड़ा गया। इस दौरान लहूलुहान गगन व पंकज को एंबुलेंस में जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग लाया गया, जहां चिकित्सकों ने गगन को मृत घोषित कर दिया। बताया कि परिजनों को घटना के दो घंटे बाद जानकारी दी गई, जिस पर वह अस्पताल पहुंचे तो बेटे को मृत पाया। लेकिन पुलिस द्वारा मामले में आज तक दोषी चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि घोलतीर चौकी में घटना की तहरीर भी दी जा चुकी है। इधर, पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल का कहना है कि मामले में दोषी चालक की घटना के दिन ही गिरफ्तारी के बाद जेल भेज दिया गया था। संबंधित को कोर्ट से जमानत मिली है। जल्द ही विवेचना पूरी होते ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।