कुंड-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर हाईवे पर जयवीरी में निर्माणाधीन पुश्ता ढहने की कगार पर है, जिससे एनएच ने काम रोक दिया है। अब, प्रभावित स्थान पर बैली ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है।
राजमार्ग पर जयवीरी में प्रभावित हिस्से पर 20 मीटर से लंबी क्रेटवॉल का निर्माण जा रहा था। 85 फीसदी कार्य पूरा हो गया था, जिसे 7 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन रविवार देर शाम को निर्माणाधीन पुश्ता बुनियाद से तिरछा हो गया और पत्थर छिटकने शुरू हो गए। पुश्ते का अधिकांश हिस्सा फट गया है, जो कभी भी भरभराकर ढह सकता है। इन हालातों में वहां काम कर रहे मजदूरों को हटा दिया गया है।
इधर, एनएच के प्रभारी अधिशासी अभियंता राजबीर चौहान ने बताया कि पुश्ते के एक हिस्से पर वायरक्रेट नहीं टिक रही है, जिससे स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। इन हालातों को देखते हुए अब प्रभावित स्थान पर बैली ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है। एक-दो दिन में विशेषज्ञों के साथ मौके का निरीक्षण कर यथाशीघ्र कार्य शुरू किया जाएगा। प्रभावित क्षेत्र में परिस्थितियां व मौसम अनुकूल रहा तो 15 दिन में बैली ब्रिज तैयार कर दिया जाएगा। इधर, व्यापार संघ के अध्यक्ष राजीव भट्ट का कहना है कि हाईवे की बदहाली और एनएच के घटिया निर्माण के विरोध में कुंड में 6 जून सोमवार को पुन: चक्काजाम किया जाएगा।