रुद्रप्रयाग। लोकसभा चुनाव में जिले की दोनों विधानसभा में मतदान केंद्रों पर की जानी वाली वेबकास्टिंग को लेकर कार्मिकों ने पोलिंग बूथों पर ट्रायल किया। इस दौरान सभी पोलिंग बूथों की जिला आपदा कंट्रोल रूम से मॉनीटरिंग की गई। जिले में 181 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जानी है। नोडल अधिकारी वेबकास्टिंग/खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट ने बताया कि कर्मचारियों की ओर से उनके बूथों पर वेबकास्टिंग के सफल संचालन के लिए ट्रायल किया जा रहा है। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संपूर्ण मतदान केंद्र की वीडियाे रिकॉर्डिंग की जाएगी जिससे सभी पोलिंग बूथों की कंट्रोल रूम से ठीक ढंग से मॉनीटरिंग की जा सके। संवाद
विशेष पोलिंग बूथों पर व्यवस्थाओं के निर्देश
रुद्रप्रयाग। लोकसभा चुनाव के मतदान के लिए बनाए गए मॉडल व अन्य विशेष बूथों पर सुविधाओं को लेकर अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम सिंह राणा ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ विस में राजकीय प्राथमिक विद्यालय तोषी को यूथ मैनेज पोलिंग स्टेशन बनाया गया है। जबकि राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन गौंडार में यूनिक पोलिंग स्टेशन बनाया गया है। जीजीआईसी अगस्त्यमुनि में महिला पोलिंग स्टेशन, जीआईसी अगस्त्यमुनि में दिव्यांग मैनेज पोलिंग स्टेशन के साथ ही रुद्रप्रयाग विस क्षेत्र में जीआईसी रामाश्रम में यूथ मैनेज पोलिंग स्टेशन, राजकीय प्राथमिक विद्यालय भीरी में दिव्यांग मैनेज पोलिंग स्टेशन, श्री 108 स्वामी सच्चिदानंद जीआईसी रुद्रप्रयाग पश्चिमी भाग में महिला मॉडल समेत 3 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। कहा कि मतदाताओं को इन बूथों पर सभी सुविधाएं उपलब्ध हों इसके लिए सभी तैयारियां समय से कर लें। बैठक में सीईओ प्रमेंद्र कुमार बिष्ट, लीड बैंक अधिकारी चतर सिंह, डाॅ. आरएस पाल, डाॅ. बीके यादव, वीरेंद्र कठैत, सुमित आर्य, अनिल सिंह और मनोज सिंह आदि मौजूद थे। संवाद