तृतीय केदार ने घर-घर जाकर पूछी भक्तों की कुशलक्षेम
डोली चुन्नी गांव पहुंचने पर वाद्य यंत्रों, जागरों से किया भव्य स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊखीमठ। तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ की डोली सोमवार को ब्राह्मणखोली गांव से चुन्नी गांव पहुंची जहां में भक्तों ने डोली का भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने आराध्य को सामूहिक अर्घ्य लगाकर पूजा-अर्चना की।
सोमवार सुबह ब्राह्मणखोली गांव में मक्कूमठ गांव के हक-हकूकधारी पंच पुजारियों ने तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ का अभिषेक किया। इस मौके पर रुद्राभिषेक के साथ हवन-यज्ञ करते हुए भगवान को भोग लगाकर आरती उतारी गई। इसके बाद तृतीय केदार ने गांव का भ्रमण करते हुए घर-घर जाकर भक्तों की कुशलक्षेम पूछी। ग्रामीणों ने अपने ईष्ट देवता को लाल व पीली पगड़ी और ताम्रपात्र भी भेंट किए। देर शाम को डोली चुन्नी गांव पहुंची। यहां पर भक्तों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों, जागरों व देव गीतों के साथ आराध्य का स्वागत किया। आचार्य माहेश्वर प्रसाद मैठाणी ने बताया कि पंच केदार में तृतीय केदार ही दिवारा यात्रा के तहत गांवों का भ्रमण करते हैं। दिवारा यात्रा में आचार्य हर्ष जमलोकी, अमरदेव मैठाणी, घनानंद मैठाणी, विजय प्रसाद मैठाणी, शशि भूषण मैठाणी, सत्य प्रसाद सेमवाल, कलाधर सेमवाल, उर्वीदत्त मैठाणी, रमेश चंद्र सेमवाल, राजन सेमवाल, प्रकाश पुरोहित, वाईएस पुष्पवाण, वेदपाठी विश्वमोहन और यशोधर मैठाणी आदि मौजूद थे।