अगस्त्यमुनि नगर पंचायत अध्यक्ष अरूणा बेंजवाल।
- फोटो : RUDRAPRYAG
नगर पंचायत अध्यक्ष अरुणा बेंजवाल ने कहा कि नगर क्षेत्र को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि सोर्स सेग्रीगेशन के तहत जैविक व अजैविक कूड़े-कचरे का शत-प्रतिशत निस्तारण किया जा रहा है और अजैविक कूड़े से भी नगर पंचायत को नियमित तौर पर आमदानी मिल रही है।
दो वर्ष के कार्यकाल पूरा होने पर आयोजित प्रेसवार्ता में नगर पंचायत अध्यक्ष बेंजवाल ने कहा कि अगस्त्यमुनि को उत्तराखंड ही नहीं देश का सुंदर कस्बा बनाने के लिए बेहतर से बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि वर्ष 2018/19 में नगर पंचायत को अटल निर्मल नगर पुरस्कार मिल चुका है। साथ ही महामहिम राष्ट्रपति से स्वच्छ सिटी अवार्ड, बेस्ट सिटी इन सॉलिड बेस्ट मैनेजमेंट का पुरस्कार भी मिला है। कहा कि बीते दो वर्षों में अजैविक कूड़ा से 2 लाख 20 हजार रुपये की आय प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और टाल बनाने के लिए प्रस्ताव भेजे गए हैं। सभी वार्डों में जनसुविधाओं को प्राथमिकता से बढ़ाया जा रहा है। संवाद