तिलवाड़ा में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को ज्ञापन सौंपते हुए भाजपा कार्यकर्ता।
- फोटो : RUDRAPRYAG
भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन की कार्यसमिति की बैठक में पर्यटन मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कार्यकर्ताओं से नई ऊर्जा व एकजुटता के साथ मिशन-2022 की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जनजन तक पहुंचाने की अपील भी की। बैठक में महराज ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को विभागों में छोटे-छोटे कार्य दिए जाएंगे। अब, बड़े ठेकेदारों का एकाधिकार खत्म होगा। कार्यकर्ताओं की समस्याओं का निदान कर उनसे नियमित संवाद किया जाएगा।
बैठक में महाराज ने कहा कि मैं कार्यकर्ताओं को चार्ज करने आया हूं। कार्यकर्ताओं की समस्याओं का निदान होगा। केंद्र व राज्य सरकार आमजन को ध्यान में रखकर विकास योजनाएं बना रही है। उत्तराखंड में पर्यटन, तीर्थाटन और एडवेंचर को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल ने कहा कि जिले की दोनों विस सीटों पर भारी मतों से जीत का लक्ष्य लेकर सभी कार्यकर्ताओं के साथ योजना बनाकर कार्य किया जाएगा। उविधायक भरत सिंह चौधरी ने विस क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि संगठन के दिशा-निर्देशों के तहत एकजुटता से मिशन 2022 फतह होगा। दो सत्रों में आयोजित बैठक में कोरोना महामारी में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की गई। जिला महामंत्री विक्रम कंडारी व अनूप सेमवाल के संचालन में हुई बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सरला खंडूडी, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, पूर्व विधायक शैलरानी रावत, आशा नौटियाल, पूर्व जिपं अध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, विक्रम पटवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण, वाचस्पति सेमवाल, शकुंतला जगवाल मौजूद थे।
डुंगरीपंथ-खेड़ाखाल मोटर मार्ग की जांच के आदेश दिए
पर्यटन मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने डुंगरीपंथ-खेड़ाखाल मोटर मार्ग पर हुए डामरीकरण की जांच के आदेश दिए हैं। मार्ग पर छह माह पूर्व डामरीकरण हुआ था, जो उखड़ चुका है। इन दिनों कीचड़ होने से इस मार्ग पर रपटने का खतरा बना हुआ है। यह मोटर मार्ग रुद्रप्रयाग व पौड़ी जिले के बच्छणस्यूं व चलणस्यूं पट्टी के 50 से अधिक गांवों को जोड़ता है। इस मार्ग से छांतीखाल से बदरीनाथ हाईवे को भी लिंक किया गया है। पर्यटन मंत्री ने लोनिवि व पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को बरसात से अवरुद्ध सड़कों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कम से कम समय में खोलने व सुधारीकरण के लिए शीघ्र प्रस्ताव भेजने को भी कहा है।