ग्रामीणों ने जवाहरनगर में सड़क पर हुए गड्ढों में बैठकर धरना दिया। उन्होंने सड़क की जल्द मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को कांग्रेस प्रदेश महामंत्री हरीश पनेरु की अगुवाई में स्वतंत्रता सेनानियों के गांव जवाहरनगर में सड़क में हुए गड्ढों को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। पनेरु ने कहा कि सड़क पर हुए गड्ढे आए दिन हादसों को दावत दे रहे हैं। क्षेत्रीय विधायक विकास के नाम पर जनता को छलने का काम कर रहे हैं।
जवाहरनगर की सड़क पर बने गड्ढों की सुध नहीं ली जा रही है। उन्होंने पीडब्लूडी के जूनियर इंजीनियर से फोन पर वार्ता की। चेताया कि यदि 15 सितंबर तक सड़क के गड्ढे नहीं भरे गए और सड़क का एस्टीमेट मंजूर करने, बजट जारी करने में लापरवाही बरती गई तो वे ग्रामीणों के साथ पीडब्लूडी दफ्तर में धरना देंगे।
वहां पर जिपं सदस्य दीपा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज कोरंगा, धन सिंह कोरंगा, बीएल वर्मा ,मोहन बिष्ट, पूरन बर्मा, दिनेश कुनियाल, प्रेम आर्या, यशोदा नगरकोटी आदि थे। इधर, इंजीनियर मनोज दास ने बताया कि जेई किशोर कुमार को सड़क के गड्ढे ठीक करने के आदेश दिए गए हैं। सड़क का स्टीमेट बनाकर शासन को भेजा गया है और मंजूरी मिलने पर सड़क का निर्माण होगा। संवाद
सड़क की बदहाली को लेकर भाजपा सरकार का पुतला फूंका
गदरपुर। क्षेत्र के ग्राम सैदअलीगंज से ग्राम खेमपुर और गदरपुर को जोड़ने वाली सड़कों की दुर्दशा को लेकर युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला फूंका। सोमवार को ब्लॉक अध्यक्ष विशाल मक्कड़ के नेतृत्व में सेंट मैरी स्कूल बलरामनगर मार्ग पर एकत्रित हुए।
उन्होंने कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडेय के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेता प्रीत ग्रोवर ने बताया कि गदरपुर से अलीगंज मार्ग व खेमपुर मार्ग, गूलरभोज डैम से होते हुए ग्राम बलराम नगर को जोड़ता है। इस मार्ग पर गदरपुर की 20 ग्राम पंचायतों के अलावा बहुत से उद्योग एवं स्कूल स्थापित हैं। फिर भी इस मार्ग की कोई सुध लेने को तैयार नहीं है। कार्यकर्ताओं ने शीघ्र मार्ग निर्माण शुरू कराए जाने की मांग की है। वहां पर संजीव झाम, शिवम बेहड़, विशु मक्कड़, साहिल गुम्बर आदि थे।
गदरपुर में भाजपा सरकार का पुतला फूंकते युकांई।- फोटो : RUDRAPUR