केदारनाथ तीर्थपुरोहित समाज ने देवस्थानम बोर्ड के विरोध में 13 सितंबर को जिला मुख्यालय में होने वाले जुलूस-प्रदर्शन में सभी राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के साथ ही आमजन को निमंत्रण दिया है। उधर, केदारनाथ में तीर्थपुरोहित 24वें दिन भी क्रमिक अनशन पर डटे रहे।
केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला ने कहा है कि देवस्थानम बोर्ड के विरोध में आरपार की लड़ाई शुरू हो गई है। इसके लिए केदारघाटी, तुंगनाथ घाटी, मद्महेश्वर घाटी और कालीमठ घाटी के साथ अन्य गांवों का भ्रमण कर लोगों से समर्थन मांगा जा रहा है। बृहस्पतिवार को तीर्थपुरोहित समाज के लोगों ने कालीमठ सहित क्षेत्र के गांवों में संपर्क किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सरकार से चारधाम यात्रा का संचालन व देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग की। इधर, केदार सभा ने देवस्थानम बोर्ड के विरोध व चारधाम यात्रा खोलने को लेकर राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के साथ ही युवक व महिला मंगल दलों से भी समर्थन मांगा है। संवाद