जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में फार्मेसिस्टों ने किया दो घंटे कार्य बहिष्कार, सरकार से की मांगो
- फोटो : RUDRAPRYAG
मांगों को लेकर डिप्लोमा फार्मासिस्टों का दो घंटे का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी रहा। जिला चिकित्सालय समेत सीएचसी व पीएचसी के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकीय कामकाज पर असर पड़ा।
फार्मासिस्ट संवर्ग के पुनर्गठन व पदों की संख्या बढ़ाने समेत अन्य मांगों को लेकर डिप्लोमा फार्मासिस्टों ने जिलाध्यक्ष डीपी सेमवाल के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय में कार्य बहिष्कार किया। सेमवाल ने कहा कि लंबे समय से सरकार से मांगों पर कार्रवाई के लिए पत्राचार किया जा रहा है लेकिन स्थिति जस की तस है। उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि व जखोली सहित पीएचसी गुप्तकाशी, ऊखीमठ के अलावा अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भी फार्मासिस्टों ने सुबह 8 से 10 बजे तक कार्य बहिष्कार किया। उन्होंने एक स्वर में कहा कि जब तक मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, प्रतिदिन दो घंटे का कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। जरूरी हुआ तो आंदोलन को तेज भी किया जाएगा। इस मौके पर एमएस नेगी, जीएस बुटोला, एसपी मैठाणी, नवीन बिष्ट, अमन मल्ल, नेहा, मयंक, सीएम सेमवाल, राजेंद्र रावत, जेपी भट्ट आदि थे।