केंद्रीय विद्यालय अगस्त्यमुनि का बोर्ड परीक्षा का केंद्र राजीव गांधी नवोदय विद्यालय करने पर अभिभावकों ने रोष जताया है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री व हरिद्वार के सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक को ज्ञापन भेजा है।
अभिभावकों का कहना है कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा बिना कारण केंद्रीय विद्यालय का 10वीं व 12वीं का बोर्ड परीक्षा केंद्र इस बार राजीव गांधी नवोदय विद्यालय मालतोली किया गया है। परीक्षा केंद्र बदलने से छात्र-छात्राओं को अगस्त्यमुनि से परीक्षा केंद्र तक 30 किमी दूरी तय करनी पड़ेगी। उन्होंने परीक्षा केंद्र परिवर्तन का भौतिक सत्यापन करने और पूर्व की भांति मूल विद्यालय में ही केंद्र बनाए रखने की मांग की है। इधर, केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय नैथानी ने बताया कि परीक्षा केंद्र में बदलाव का निर्णय ऊपरी स्तर से हुआ है। अभिभावकों की शिकायत के बारे में संबंधित अधिकारियों को पत्राचार के माध्यम से अवगत करा दिया गया है।