पंतनगर एयरपोर्ट में प्रवेश के दौरान चैकिंग के लिए रोके गए वाहन।
- फोटो : RUDRAPUR
पंतनगर। गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा की दृष्टि से देश के कई संस्थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इसी क्रम में 10 जनवरी से पंतनगर एयरपोर्ट को हाई अलर्ट पर रखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही एयरपोर्ट में 20 जनवरी से अग्रिम आदेशों तक विजिटर्स के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
नेपाल और चीन सीमा से लगे होने के कारण पंतनगर एयरपोर्ट संवेदनशील माना जाता है। इसके चलते एयरपोर्ट परिसर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा के दृष्टिगत 10 जनवरी से एयरपोर्ट में यात्रियों को त्रिस्तरीय सुरक्षा प्रणाली से गुजरना पड़ रहा है। वहीं, अब 20 जनवरी से परिसर में किसी भी विजिटर पर अगले आदेशों तक रोक लगा दी गई है। एयरपोर्ट में आने वाले वाहनों को थ्री लेयर चेकिंग सिस्टम से गुजरना पड़ रहा है। साथ ही यात्रियों को भी एयरपोर्ट के मुख्य द्वार से प्लेन में बोर्डिंग तक त्रिस्तरीय चैकिंग से गुजरना पड़ रहा है। एयरपोर्ट की सुरक्षा में अब तक उत्तराखंड के 32 जवानों को लगाया गया था लेकिन 26 जनवरी को देखते हुए एयरपोर्ट की सुरक्षा में उत्तराखंड पुलिस के 64 जवानों को दिन रात तैनात किया गया है। एयरपोर्ट डायरेक्टर एसके सिंह ने कहा कि 26 जनवरी को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। संवाद