जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह ने विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्राथमिकता से त्वरित निराकरण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सीडीओ को जलागम के कार्यों की जांच के आदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि जनसरोकारों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों को पारदर्शिता से संपादित कर समाज के आखिरी व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने को कहा।
जिपं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिपं अध्यक्ष ने कहा कि सदन में सदस्यों द्वारा जो भी समस्याएं रखी गई हैं, उनका तय समय में निस्तारण किया जाए। बैठक में जिलाधिकारी मनुज गोयल ने जिपं सदस्यों द्वारा मनरेगा के तहत बनाए गए जॉब कार्डों में आ रही विषमताओं को दूर करने के लिए शिविरों के आयोजन की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को लंबित योजनाओं को यथाशीघ्र पूरा करने के साथ ही सड़कों के बारे में प्रत्येक सप्ताह रिपोर्ट देने के आदेश भी दिए। बैठक में सदस्य भारत भूषण भट्ट, गणेश चंद्र तिवारी, विनोद सिंह राणा, सुमन नेगी, कुलदीप कंडारी, भूपेंद्र लाल, सविता देवी, बबीता देवी, मंजू देवी, कुसुम देवी, ज्योति देवी, सुनीता देवी आदि ने विचार रखे। इस दौरान जिपं उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी, संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर जयकिशन, प्रभारी सीडीओ मनविंदर कौर, अपर मुख्य अधिकारी सुनील कुमार, परियोजना निदेशक रमेश चंद्र, सीईओ सीएन काला, डीईओ माध्यमिक एलएस दानू, ईई इंद्रजीत बोस, डीएचओ योगेंद्र चौधरी आदि मौजूद थे।