दिल्ली में एनएचएआई के चेयरमैन को ज्ञापन सौंपते विधायक शुक्ला।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने एनएचएआई के चेयरमैन डॉ सरबजीत सिंह संधू से दिल्ली में मुलाकात कर एनएच-74 पर किच्छा-पुलभट्टा ओवरब्रिज सहित विभिन्न जगहों पर अधूरे निर्माण, गदरपुर बाइपास पर निर्माण में देरी होने आदि समस्याएं रखीं। संधू ने विधायक को बताया कि एनएच 74 का काम गल्फार कंपनी से छीन लिया गया है। जल्द ही नई कंपनी को काम देकर बचे कार्य पूरे कराए जाएंगे।
बताया एनएच 87 पर भी पंतनगर हवाई अड्डे, संजय कॉलोनी, इंद्रा कॉलोनी तथा मस्जिद कॉलोनी आदि क्षेत्रों में दोनों तरफ नाला निर्माण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि चेयरमैन के हस्तक्षेप के बाद प्रदेश सरकार के पूर्व में जारी शासनादेश के अनुरूप भूमि मुआवजा के लिए गुणांक तय करने का गतिरोध समाप्त हो गया लेकिन अभी तक कई मामले एनएचएआई के वाद दायर करने के बाद आर्बिट्रेशन में लंबित हैं। इसी वजह से किसानों को मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। इसके बाद चेयरमैन ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देशित कर कहा कि आर्बिट्रेटर के यहां गुणांक से संबंधित लंबित वादों को स्पष्ट शासनादेश होने के बाद उसे चलाने का कोई औचित्य नहीं है। इन वादों को वापस ले लिया जाए। शुक्ला ने बताया कि आर्बिट्रेटर से एनएचएआई के वाद वापस लेने से हजारों किसानों का लंबित मुआवजा मिलने का मार्ग सुचारु हो जाएगा।