फर्जी बीटीसी प्रमाण पत्रों से नौकरी प्राप्त करने वाले दो प्राथमिक शिक्षकों को जांच के बाद बुधवार को बर्खास्त कर दिया गया। दोनों शिक्षक जिले के खटीमा ब्लॉक में तैनात थे।
राजकीय प्राथमिक स्कूल बंडिया, खटीमा में तैनात शिक्षक वृंदावन के खिलाफ फर्जी बीटीसी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी पाने की जांच चल रही थी। 24 जुलाई को शिक्षक को सभी प्रमाण पत्रों के साथ सुनवाई के लिए बुलाया गया था। शिक्षक के खिलाफ आरोप पुष्ट होने पर बुधवार को उसे सेेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
इसी तरह राजकीय प्राथमिक स्कूल चांदा, खटीमा में तैनात शिक्षक रामकुमार के खिलाफ भी फर्जी बीटीसी प्रमाण पत्र के आधार नौकरी प्राप्त करने की लंबे समय से विभागीय जांच चल रही थी। विभागीय जांच में शिक्षक रामकुमार के बीटीसी प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए थे। डीईओ बेसिक एके सिंह ने बताया कि बुधवार को दोनों के सेवा बर्खास्तगी के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
पिछले करीब एक महीने में फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर नौकरी पाने वाले 10 प्राथमिक शिक्षकों की बर्खास्तगी से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बता दें कि जिले में एसआईटी और शिक्षा विभाग की विभागीय जांच में 32 शिक्षक व शिक्षिकाओं के प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए हैं। इनमें अधिकांश के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई हो चुकी है।