राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन ने नौ सूत्री मांगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सीएमओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने 27 मई तक मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर 28 मई से दो चरणों में आधा दिन कार्य करने व होम आइसोलेशन में रहने की बात कही है। साथ ही मांगों पर उचित कार्रवाई न होने पर आगामी समय में अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है।
संगठन ने कोविड-19 में एनएचएम संविदा कर्मचारियों का बीमा करने, नियमित कर्मचारियों की भांति गोल्डन कार्ड सुविधा देने, कोरोना से जान गंवाने वाले कर्मियों के परिजनों को आर्थिक मदद व अनुकंपा पर परिवार के एक सदस्य को एनएचएम में नौकरी देने, आउटसोर्स से नियुक्त कर्मचारियों को एनएचएम में समिति द्वारा समायोजित करने, मानदेय व भत्तों में न्यूनतम दस फीसदी वृद्धि करने, एक्स कैडर के जरिए निसंवर्गीय/नियमित कर्मचारियों की तरह वेतन व 60 वर्ष तक विभाग में बनाए रखने के लिए नियमावली बनाने सहित नौ सूत्री मांगों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मांगों के समर्थन में 28 से 31 मई तक बांह पर काला फीता बांधकर आधा दिन कार्य करने और 1 से 6 जून तक होम आइसोलेशन में रखने की बात भी कही गई है। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष विपिन सेमवाल, डा. विजय सेमवाल, विपिन खन्ना आदि शामिल थे।