रुद्रप्रयाग। रानीगढ़ के देवल गांव की आराध्य मां भगवती देवराड़ी देवी की देवरा यात्रा गडमिल गांव का भ्रमण कर रात्रि प्रवास के लिए चमस्वाड़ा पहुंच गई है। यहां भक्तों ने देवी का भव्य का स्वागत किया। बीते वर्ष 4 दिसबर से मां देवराड़ी देवी छह माह की देवरा यात्रा के तहत गांवों का भ्रमण कर रही हैं।
शनिवार को गड़मिल गांव में मां भगवती देवीराड़ी देवी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। पुजारी कमलेश देवली ने मां का शृंगार कर आरती उतारी। इसके उपरांत देवराड़ी देवी ने गडमिल गांव के घर-घर जाकर भक्तों, विशेषकर ध्याणियों की कुशलक्षेम पूछी और उनकी समस्याओं का निस्तारण भी किया। भक्तों ने देवी को लाल व पीले कपड़े के साथ चुनरी भेंट की। यहां से मां की देवरा यात्रा रात्रि प्रवास के लिए चमस्वाड़ा गांव पहुंची। इस मौके पर पूरा गांव आराध्य के जयकारों से गूंज उठा। रविवार को गांव भ्रमण कर मां देवराड़ी रात्रि प्रवास के लिए गंधारी गांव पहुंचेगी।
देवरा यात्रा समिति के अध्यक्ष उमेद सिंह चौधरी और देवी के पश्वा प्रदीप राणा ने बताया कि बीते वर्ष 4 दिसंबर से मां देवराड़ी की देवरा यात्रा शुरू हुई थी। अभी तक 130 गांवों का भ्रमण हो चुका है। आगामी जून माह में देवरा यात्रा पूरी कर देवी के मूल मंदिर में महायज्ञ का आयोजन होगा। इस मौके पर समिति के कोषाध्यक्ष करन पांडेय, लखपत सिंह दिग्पाल चौधरी, दर्शन सिंह, जयपाल राणा, पप्पू पांडे, धूम सिंह चौधरी आदि थे।