विपिन कैंतुरा मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाज गए
मैचों में प्रदर्शन के आधार पर चुनी जाएगी जिले की टीम
अगस्त्यमुनि। जनपद स्तरीय सीनियर क्रिकेट लीग में मंदाकिनी एकादश ने अगस्त्य एकादश की टीम को चार विकेट से हराकर दो अंकों के साथ अपना स्थान मजबूत कर दिया है। लीग मैचों में प्रतिभाग कर रही टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर जिला क्रिकेट टीम का चयन किया जाएगा।
रविवार को खेल मैदान में आयोजित लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे मैच में टॉस जीतकर अगस्त्य एकादश की टीम ने 30 ओवर में 9 विकेट पर 206 रन बनाए। टीम की तरफ से प्रिंस भंडारी ने सबसे अधिक 37 रन बनाए। वहीं मंदाकिनी एकादश की तरफ से अनुराग व विपिन ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंदाकिनी एकादश की टीम ने 26 ओवर में छह विकेट खोकर अर्पित के 61 व अंकुश के 40 रनों की मदद से 208 रन बनाकर मैच जीत लिया। विजेता टीम के विपिन कैंतुरा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इससे पूर्व बतौर मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश दुमागा ने मैच का उद्घाटन किया। इस मौके पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश जमलोकी, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र राणा, हरीश गुसाईं सहित अन्य खेल प्रेमी मौजूद थे।