केदारनाथ आपदा की नौंवी बरसी पर श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा। केदारनाथ मंदिर परिसर के समीप बीकेटीसी कार्यालय में आपदा में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए बाबा केदारनाथ से प्रार्थना की गई।
बृहस्पतिवार को केदारनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग, प्रभारी अधिकारी आरसी तिवारी, केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला ने दिवंगतों की याद में मंदिर के आगे दीपक जलाते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि 16/17 जून 2013 की त्रासदी को कभी नहीं भुलाया जा सकता है। जलप्रलय से केदारनाथ व केदारघाटी में जो तबाही हुई उसमें कई परिवारों की पीढ़ियां काल का ग्रास बन गईं थी। कई प्रभावित आज भी सदमे से नहीं उभर पाए हैं। वयोवृद्ध तीर्थपुरोहित श्रीनिवास पोस्ती ने कहा कि आपदा में बिखरे केदारनाथ व केदारघाटी ने अपने को मजबूत कर फिर नया आयाम स्थापित किया है, जो प्रशंसनीय है। उधर, बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने जारी एक बयान में कहा कि मंदिर समिति प्रभावित परिवारों के साथ हमेशा रहेगी।