बच्छणस्यूं पट्टी की लाइफ लाइन खांकरा-खेड़ाखाल-खिर्सू मोटर मार्ग पांच दिन से बंद पड़ा है। खेड़ाखाल बाजार के समीप चट्टान टूटने से मार्ग बाधित है। वहीं, बरसात के कारण जिले में अन्य नौ मोटर मार्ग भी बाधित हैं।
यह मार्ग रुद्रप्रयाग व पौड़ी जिले के 50 से अधिक गांवों को जोड़ता है। बच्छणस्यूं पट्टी को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग है। 12 जून को खेड़ाखाल के समीप चट्टान का भारी हिस्सा टूटने से मार्ग बाधित हो गया था। लोक निर्माण विभाग द्वारा मलबा सफाई के लिए प्रभावित क्षेत्र में दोनों तरफ मशीनें लगाई गईं हैं। लेकिन मलबा अधिक होने के कारण मार्ग पांच दिन बाद भी नहीं खुल पाया है। इससे बच्छणस्यूं क्षेत्र के गांवों का खिर्सू और पौड़ी से संपर्क कटा हुआ है। वहीं, पौड़ी जिले के ग्राम पंचायत पोखरी, चोराकंडी, धारकोला के ग्रामीणों को रुद्रप्रयाग आने के लिए मीलों अतिरिक्त रास्ता नापना पड़ रहा है। इधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस ने बताया कि आए दिन हो रही बारिश के कारण मलबा सफाई में दिक्कत हो रही है। प्रयास किया जा रहा है कि तीन-चार दिनों में सड़क को खोल दिया जाए।