जिलाधिकारी मनुज गोयल ने मुख्यमंत्री व गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत की ओर से सांसद आदर्श ग्राम के लिए चयनित स्यूंर-बांगर गांव के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से गांव में होने वाले प्रस्तावित कार्यों की रूपरेखा तैयार करने को कहा है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को प्रस्तावित कार्ययोजना एक सप्ताह में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
विकास भवन में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि सांसद आदर्श ग्राम में बुनियादी सुविधाओं को उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी। कहा कि यहां होने वाले कार्यों में समय के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गढ़वाल सांसद द्वारा जखोली ब्लॉक के दूरस्थ स्यूंर बांगर गांव का चयन किया गया है। बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी रमेश चंद्र, परियोजना अर्थशास्त्री एमएस नेगी, मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा, उद्यान अधिकारी योगेंद्र चौधरी, पंचायत राज अधिकारी रणवीर सिंह असवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. रमेश सिंह नितवाल, डीईओ माध्यमिक एलएस दानू, पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल आदि थे।