अपर सचिव ने जिला व माधवाश्रम अस्पताल का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अपर सचिव अमनदीप कौर ने जिला अस्पताल और माधवाश्रम अस्पताल कोटेश्वर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। माधवाश्रम अस्पताल के निरीक्षण के दौरान यहां निर्माणाधीन पीडियाट्रिक यूनिट, जी-3 चिकित्सालय भवन और कर्मियों के लिए निर्माणाधीन आवासीय भवनों का काम पूरा नहीं मिला। इस पर अपर सचिव ने सीएमओ डाॅ. एचसीएस मार्तोलिया को कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
अपर सचिव ने सीएमएस डाॅ. राजीव पाल सिंह को माधवाश्रम अस्पताल में पदों के सृजन के लिए शासन और महानिदेशक को पत्र भेजने के लिए कहा। इसके बाद जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में विभिन्न अनुभागों का जायजा लिया। साथ ही यहां भर्ती मरीजों से बात करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अस्पताल में तैनात डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारी, फार्मासिस्ट और अन्य कर्मियों ने भी अपर सचिव को अपनी-अपनी समस्याएं बताईं। निरीक्षण के दौरान नर्सिंग सहायक अधीक्षण रुकमणी देवी समेत कई लोग मौजूद थे।
स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा की
तिलवाड़ा। गढ़वाल मंडल विकास निगम के विश्राम गृह में विधायक भरत सिंह चौधरी और जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह ने अपर सचिव से भेंटकर जिले की चिकित्सा सेवाओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने जखोली ब्लॉक के गैठाणा में स्वास्थ्य उप केंद्र की स्थापना सहित अन्य जगहों पर संचालित केंद्रों की व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया। अपर सचिव ने कहा कि दो दिवसीय भ्रमण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति का जायजा लिया है। जहां पर भी स्वास्थ्य उपकेंद्र की जरूरत है वहां के लिए विभाग से प्रस्ताव देने के लिए कहा गया है।